खेत में मिला शव, मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
मुजफ्फरनगर जनपद में मंगलवार सुबह अज्ञात लोगों एक किसान की गला रेतकर हत्या कर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की। वहीं दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
जानकारी के अनुसार तितावी थाना क्षेत्र के गांव दूधाधारी में किसान अनिल (45) मंगलवार सुबह अपने खेतों में पानी चलाने के लिए नलकूप पर गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों के तलाशने पर नलकूप के पास किसान का रक्त रंजित शव पड़ा मिला।
आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की छानबीन कर शक के तौर पर दो लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा।