मुंडाली। किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने सोमवार को मुंडाली बिजली घर पर विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। इसमें 22 मांगों में से पांच मांगें विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारित की और अन्य मांगों का शीघ्र निस्तारण करने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त किया गया।
मुंडाली बिजली घर पर किसान मजदूर संगठन के युवा विंग के जिलाध्यक्ष अंशुल तोमर एवं महानगर अध्यक्ष विजय राघव के नेतृत्व में सैकड़ों किसानों ने बिजली से संबंधित 22 विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन कर विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन दिया। धरना स्थल पर मुंडाली के जेई, एसडीओ मेडिकल और अधिशासी अभियंता चतुर्थ किसानों के बीच पहुंचे और समस्याओं पर वार्ता की।
ज्ञापन में नलकूप पर मीटर लगाने और नलकूपों के बिल लगातार आने, स्मार्ट मीटर लगाने, विद्युत विभाग के निजीकरण के विरोध सहित 22 मांगों को लेकर ज्ञापन दिया गया।
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने मौके पर ही पांच शिकायत का निस्तारण किया। कहा कि बाकी 17 शिकायतों का अन्य अधिकारियों से मिलकर शीघ्र ही निस्तारण किया जाएगा।
संगठन के महानगर अध्यक्ष विजय राघव ने बताया कि फरवरी के अंतिम सप्ताह में बिजली के निजीकरण के विरोध में सिसौली में जनजागरूकता यात्रा रैली निकाली जाएगी, जो जिले के प्रत्येक गांव में पहुंचेगी।
धरने पर अंशुल तोमर पचगांव, विजय राघव, विनय तोमर, चंदन सिंह पटवल, जयपाल शाह, विनोद परमार, सुंदर फौजी, मनवीर सिंह, अजय तोमर, सुखपाल, शेर अफगान, विक्रम सिंह, सुंदर तोमर आदि रहे।