रोहटा। कल्याणपुर हिंडन नदी में किसान के डूबने पर तलाश के करते स्थानीय गोताखार। संवाद
रोहटा। थाना रोहटा क्षेत्र की कल्याणपुर चौकी अंतर्गत सोमवार दोपहर एक किसान हिंडन नदी में नहाते समय डूब गया। गहरे पानी और तेज बहाव के कारण उसका कुछ ही पलों में पता नहीं चला। देर शाम तक चले सर्च ऑपरेशन के बावजूद किसान का कोई सुराग लग सका।
किनौनी गांव निवासी सुखबीर (65) पुत्र शौराज सिंह अपने साथी जयपाल के साथ सोमवार को जंगल में मवेशियों को चराने गया था। दोपहर बाद तेज गर्मी के चलते तीनों ने पास ही बह रही हिंडन नदी में मवेशियों को नहलाने और खुद भी स्नान करने का निर्णय लिया। जैसे ही सुखबीर नदी के भीतर घुसा, उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव और गहराई में बहता चला गया। उसके साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन गहराई अधिक होने और बहाव तेज होने के कारण वह कुछ ही क्षणों में आंखों से ओझल हो गया।
साथी जयपाल ने ग्रामीणों और परिजनों को कॉल कर सूचना दी। थोड़ी ही देर में कल्याणपुर चौकी पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और गोताखोरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि हिंडन नदी में डूबे किसान की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका था। अभियान मंगलवार को भी जारी रहेगा।