संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। खेड़ा गांव में बुधवार सुबह खेत पर सिंचाई करने गए किसान महेश की नलकूप का स्टार्टर चालू करते समय करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सरधना थाना पुलिस के अनुसार, खेड़ा निवासी महेश (45) पुत्र प्रताप गांव के ही कालू के साथ साझेदारी में खेती करते थे। बुधवार सुबह दोनों खेत पर सिंचाई करने पहुंचे थे। बताया गया कि महेश नलकूप का स्टार्टर चालू करने के लिए जैसे ही बटन दबाने पहुंचे, अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए। उसी समय तेज धमाका भी हुआ। करंट की वजह से उनका चेहरा बुरी तरह झुलस गया और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसेके बाद साथ मौजूद कालू ने शोर मचाकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों को बुलाया और परिजनों को सूचना दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि खेड़ा गांव में खेत पर नलकूप का स्टार्टर चालू करते समय किसान की करंट लगने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।