हस्तिनापुर। थाना क्षेत्र के गांव पलड़ा में पेड़ काटने के दौरान हुए भैंसा बुग्गी सवार किसान की मौत हो गई। पेड़ बुग्गी पर गिरने से 60 वर्षीय किसान ऋषिपाल उसके नीचे दब गए। परिजन उन्हें सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे से गांव में मातम पसर गया।
गांव पलड़ा निवासी ऋषिपाल खेती-बाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। रविवार को वह अपने चचेरे भाई शिवपाल और भतीजे दुर्गेश के साथ भैंसा बुग्गी से गन्ना छीलने गए थे। लौटते समय रास्ते में ग्रामीण भूरा अपने खेत में नौशाद ठेकेदार और अन्य मजदूरों से यूकेलिप्टस के पेड़ कटवा रहा था। बताया गया कि ऋषिपाल ने चकरोड किनारे पेड़ काटने से मना भी किया था लेकिन मजदूरों ने यह कहकर बुग्गी आगे बढ़ाने को कहा कि अभी पेड़ नहीं गिरेगा। जैसे ही ऋषिपाल बुग्गी लेकर पेड़ के पास पहुंचे, तभी यूकेलिप्टस का पेड़ अचानक बुग्गी पर आ गिरा। बुग्गी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि भैंसा सुरक्षित बच गया। घटना के बाद पेड़ काट रहे मजदूर और संबंधित लोग मौके से फरार हो गए। बुग्गी के पीछे बाइक से आ रहे शिवपाल और दुर्गेश ने किसी तरह ऋषिपाल को पेड़ के नीचे से निकाला और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने घटनास्थल पर खड़ी पेड़ कटाई में प्रयुक्त दो ट्रैक्टर-ट्राॅलियों को कब्जे में ले लिया। मृतक के परिवार में बीमार पत्नी राजकली, एक पुत्र और तीन विवाहित बेटियां हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के भाई की तहरीर पर नौशाद ठेकेदार, भूरा सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ग्रामीणों ने ठेकेदार पर लापरवाही और हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधान भी पीड़ित परिवार के साथ मौके पर मौजूद रहे।