शताब्दीनगर स्थित अध्ययन स्कूल के पीछे जंगल में मंगलवार सुबह एक किसान का शव पेड़ पर लटका मिला। जानकारी पर परतापुर पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों से शव की पहचान बिशनपाल (38) पुत्र किशनलाल निवासी कंचनपुर घोपला के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा।
पुलिस के मुताबिक, परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम बिशनपाल घर से झगड़ा करके गया था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। मंगलवार सवेरे घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा थी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, बिशनलाल के पास पांच बीघा जमीन बताई गई है। मुंह और नाक से खून निकला हुआ था। सीओ ब्रह्मपुरी चक्रपाणि त्रिपाठी का कहना है कि आत्महत्या का मामला है, फिर भी जांच की जा रही है।