- परिजनों ने अनैतिक संबंध में हत्या का आरोप लगाया
- भावनपुर के पचपेड़ा में 10 जुलाई को मिला था युवक का शव
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के पचपेड़ा गांव में कुछ लोगों पर फरीद की हत्या करने का आरोप परिजनों ने लगाया है। परिजनों का आरोप है कि अवैध संबंधों के चलते दस जुलाई को फरीद (24) की हत्या कर दी गई थी। बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार और पुलिस की मौजूदगी में फरीद के शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
मृतक के पिता साजिद ने जिलाधिकारी, मानव अधिकार और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि फरीद के गांव की एक महिला से फोन पर बातचीत होती थी। इसी रंजिश के कारण दस जुलाई की रात कासिम, सद्दाम, हबीब, यामीन और तीन-चार अज्ञात लोगों ने फरीद को पीटा। आरोप है कि उसे बिजली का करंट लगाकर मार डाला गया। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को उसके चाचा आसिफ के खाली कमरे में पंखे से लटका दिया था। अगले दिन फरीद की मां और बहनोई उसे देखने कासिम के मकान पर पहुंचे थे। वहां फरीद फंदे पर लटका मिला था।हत्यारोपियों ने परिजनों के साथ मिलकर पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को दफना दिया था। जिलाधिकारी के आदेश पर यह कार्रवाई की गई।
शव निकालने के दौरान ग्रामीणों की भीड़
बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार सतीश कुमार पुलिस बल के साथ पचपेड़ा गांव के कब्रिस्तान पहुंचे। वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मृतक के परिजनों की मौजूदगी में कब्र खोदी गई। इसके बाद शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगी गुत्थी
सीओ सदर देहात सुधीर सिंह ने बताया कि शव को कब्रिस्तान से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। परिजनों द्वारा लगाए गए हत्या के आरोपों की गुत्थी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सुलझेगी। रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि यह हत्या है या आत्महत्या। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
-