परिजनों ने की हत्या में मुकदमा दर्ज करने की मांग
खरखौदा। चार दिन पूर्व हापुड़ किठौर मार्ग पर अतराड़ा के जंगल में मिले दो युवकों के क्षत-विक्षत शव के मामले में परिजनों ने हत्या में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। परिजनों ने आईजी, एसएसपी व थाना पुलिस से ऑनलाइन शिकायत की है।
चार दिन पहले बुधवार को हापुड़ किठौर मार्ग पर गांव अतराड़ा के जंगल में सड़क किनारे दो युवकों के क्षत विक्षत शव मिले थे। दोनों शवों के पास में ही एक बाइक भी पड़ी थी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों व बाइक को कब्जे में लेकर मोर्चरी के लिए भेज दिया था। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दोनों की शनाख्त शाहरूख (24) पुत्र शौकीन व अकरम (26) पुत्र फतेह मोहम्मद निवासी गण अगौरा मीरपुर थाना खुर्जा देहात बुलंदशहर के रूप में की थी। रिश्ते में दोनों जीजा साले हैं तथा एक ही गांव के हैं। दोनों ही किठौर थाना क्षेत्र के गांव बड्ढा में रिश्तेदारी में जा रहे थे। परिजनों द्वारा हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की गई लेकिन पुलिस हादसा मान रही है। इस संबंध में एसपी देहात ने भी परिजनों से बात की थी। जिसमें परिजनों ने पहले पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद ही मामला दर्ज कराने की बात कही थी। परिजनों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। शनिवार को परिवार के कई लोग थाना खरखौदा पहुंचे थे तथा उन्होंने दोनों की हत्या होना बताया। लेकिन उनकी सुनवाई न होने पर सभी लोग वापस लौट गए। परिजनों ने आईजी व थाना पुलिस से किठौर के गांव कायस्थ बड्ढा निवासी दो लोगों सहित अन्य को हत्या के मामले में नामजद करते हुए ऑनलाइन शिकायत की है।