मेरठ। टीपी नगर थाना क्षेत्र में पांच आरोपियों ने परिवार पर घर में घुसकर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में परिवार के लोग चोट लगने से घायल हो गए। आरोप है कि युवकों ने युवती पर अभद्र टिप्पणी कर दी थी, उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने हमला कर दिया। पीड़ित मोंटी की तहरीर पर पुलिस ने शनि, अभिषेक, भारती, दीपक, विशाल व सुनील पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बागपत रोड स्थित एक कॉलोनी निवासी युवक ने बुधवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि 16 फरवरी की शाम उसकी बहन घर के बाहर खड़ी थी। इसी बीच आरोपियों ने उसकी बहन पर अभद्र टिपण्णी कर दी। युवती ने आरोपी की हरकतों का विरोध किया और परिजनों को मामले की जानकारी दी। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी लाठी-डंडे व लोहे की रॉड लेकर उनके घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में चोट लगने से तीन लोग घायल हो गए। इसके बाद आरोपी फरार हो गए। घायलों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को मेडिकल के लिए भेज दिया। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।