- लोईया का मामला, कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पर किया हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। लोईया गांव में शनिवार देर रात घर में घुसकर मारपीट की घटना के बाद तनाव का माहौल बन गया। घटना में एक ही परिवार के कई लोग घायल हो गए। पीड़ित पक्ष ने कुछ लोगों पर हमला करने का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने घायलों को सीएचसी दौराला भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी कपिल कुमार ने दौराला थाने में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि छह नामजद युवक अपने पांच अज्ञात साथियों के साथ उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में कपिल, पिता मुनेश, मां पुष्पा, भाई शिवा, दोस्त आकाश आदि घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। साथ ही धमकी दी कि यदि गांव नहीं छोड़ा और मकान नहीं बेचा तो जान से मार देंगे। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और परमधाम के अनुयायी दौराला थाने पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावर एक संगठन से जुड़े हुए हैं। उन्होंने सुनियोजित तरीके से हमला किया। हालांकि, पुलिस सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच करने की बात कह रही है। पुलिस ने घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराते हुए तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि तहरीर के आधार पर ताराचंद, भारती, अर्जुन, दीपांशु, गौरव, अमित और पांच अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।