मवाना। गांव खेड़ी मनिहार में शनिवार को डायल 112 पर तीन लोगों की हत्या की सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में डायल-112 और मवाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां जांच-पड़ताल करने पर घटना पूरी तरह से झूठी और अफवाह निकली। इसके बाद पुलिस ने सूचना देने वाले दो युवकों को हिरासत में ले लिया। उनका शांति भंग में चालान कर दिया।
थाना प्रभारी ब्रह्म कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुजफ्फरनगर निवासी नवजीत गांव खेड़ी मनिहार स्थित अपने मामा के घर आया हुआ है। उसने घर से बाहर निकलकर पड़ोसी शुभदीप राणा से कहा कि उसके घर में तीन लाशें पड़ी हैं, चलकर देख लो। शुभदीप ने अंदर जाने से मना कर दिया और पुलिस को सूचना देने की बात कही। जब नवजीत ने खुद फोन करने से इन्कार किया, तो शुभदीप ने 112 पर पुलिस को तीन हत्या होने की खबर दे दी। मौके पर जांच के दौरान मामला पूरी तरह फर्जी पाए जाने पर पुलिस ने नवजीत और शुभदीप दोनों को हिरासत में लिया और शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है।-