संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। भारतीय किसान यूनियन (अराजनीतिक) के पदाधिकारियों ने शनिवार को जिलाधिकारी के नाम उप जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मध्य गंगा नहर पर नवनिर्मित पुल के संपर्क मार्ग और नहर पटरी के त्रुटिपूर्ण ढलान व झुकाव को ठीक कराने और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह को तहसील अध्यक्ष चौधरी नीरज राठी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित पुल के संपर्क मार्ग के निर्माण में घोर अनियमितता बरती गई है। आगामी डेढ़ माह में पेराई सत्र शुरू होने वाला है, जिसमें हस्तिनापुर और बहसूमा क्षेत्र के लगभग चार हजार किसानों द्वारा मवाना चीनी मिल को गन्ने की आपूर्ति की जाती है। मार्ग के अवरुद्ध या दोषपूर्ण होने से क्षेत्र के 16 गन्ना क्रय केंद्रों की परिवहन व्यवस्था ठप होने की आशंका है।
मवाना नगर में नो एंट्री लागू होने के कारण गन्ने से लदे सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली और ट्रक इसी नहर पटरी का उपयोग करते हैं। तकनीकी खामी और अत्यधिक ढलान के कारण गन्ने से भरी गाड़ियों के पलटने और बड़ी दुर्घटना की निरंतर संभावना बनी हुई है। यूनियन ने मांग की कि पेराई सत्र शुरू होने से पूर्व इस संपर्क मार्ग और ढलान को तकनीकी रूप से दुरुस्त कराया जाए। इस अवसर पर शौसिंह प्रधान, पवन कौहला, मनजीत धामा, शन्नू मलिक, विकास गिरी, नौबहार शर्मा, मित्र सैन, शुभम चहल, नौशाद भाई, लकी मलिक, प्रदीप राठी आदि उपस्थित रहे।