संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे के दौराला रोड स्थित एक इलेक्ट्रिक दुकान पर क्राॅम्पटन ग्रीव्स और खेतान कंपनी के नाम से बेचे जा रहे नकली तारों का भंडाफोड़ हुआ है। शुक्रवार को पंजाब के मोहाली से आई एमएस क्राॅम्पटन ग्रीव्स कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल लिमिटेड की टीम ने पुलिस के साथ मिलकर छापा मारा। टीम ने दुकान से 65 बंडल नकली तार बरामद किया। पुलिस ने माल जब्त कर आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया।
थाने में मोहाली निवासी रचना कपूर आरकेएस एसोसिएट्स में प्रवर्तन प्रमुख अधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराया। बताया कि कई दिनों से जानकारी मिल रही थी कि सरधना में उनकी कंपनी के नाम से नकली वायरिंग सामग्री बेची जा रही है।
शुक्रवार को वह थाना सरधना पहुंचीं और पुलिस टीम के साथ दौराला रोड स्थित एमएस भारती इलेक्ट्रिकल्स पर छापा मारा। जांच के दौरान दुकान के काउंटर के पीछे क्राॅम्पटन ग्रीव्स कंपनी के नाम से 65 नकली तार के बंडल बरामद हुए। इसके अतिरिक्त खेतान कंपनी का भी नकली वायर बंडल मिला। दुकान मालिक आदिल निवासी मोहल्ला भटियारी सराय, बुद्ध बाजार से बिल व दस्तावेज मांगे तो वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने तारों को सीज कर लिया और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि नकली तार बरामदगी के मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस संबंध में विवेचना जारी है।
नकली तार की आपूर्ति का खुलासा, बड़ी चेन की आशंका
प्रवर्तन अधिकारी रचना कपूर ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि ये तार मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना निवासी अनमोल नामक सप्लायर से मंगवाई गईं थीं। उन्होंने संदेह जताया कि इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है, जिसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं। कंपनी इस दिशा में और जांच कर रही है। दीपावली नजदीक आते ही नकली सामान के कारोबार में तेजी देखी जा रही है। हाल ही में सरधना में फर्जी टैग लगाकर चादरें बेचने का मामला भी सामने आया था। अब नकली वायरिंग का भंडाफोड़ हुआ है। इससे सरधना की व्यावसायिक साख को नुकसान पहुंच रहा है। रचना कपूर ने बताया कि उनकी कंपनी की असली पैकिंग लकड़ी के बॉक्स में होती है और इस तरह के तार वह बनाते ही नहीं हैं।