मेरठ में एसओ सदर बाजार विजय गुप्ता की फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर ठगी का जाल फैलाया जा रहा है। कई लोगों से ठगी भी हो चुकी है। सदर में इसका मुकदमा पंजीकृत कराया गया है। कोरोना से लड़ने के लिए जहां पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगी हुई है। वहीं, साइबर ठगों ने अपना जाल फैलाना शुरू कर दिया।
गरीब लोगों की मदद कराने के लिए एसओ सदर बाजार विजय गुप्ता के नाम की फर्जी आईडी बनाकर पैसे की मांग करने लगे हैं। पहले फ्रेंड रिक्वेस्ट फेसबुक से उन्हें जोड़ा जाता है। कई लोगों ने पुलिस के नाम पर पैसे भी देने बताए हैं। कई लोगों ने एसओ से फोन करके इसकी जानकारी भी ली।
यह मामला एसओ सदर बाजार को पता चला तो उन्होंने अपनी व्यक्तिगत फेसबुक आईडी से लोगों से अपील की कि ऐसे फर्जी लोगों के बहकावे में न आए। एसओ विजय गुप्ता ने सदर थाने में मुकदमा पंजीकृत कराया।
एसपी सिटी डॉक्टर अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि फर्जी फेसबुक आईडी राजस्थान के एक युवक की बताई जा रही है। इस मामले में साइबर सेल को जांच करने के लिए लगाया गया है।