मेरठ में सर्विलांस सेल को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। लिसाड़ी गेट में सर्विलांस टीम ने ऑक्सीजन गैस सिलिंडर पर लगने वाले फ्लो मीटर बनाने की फैक्टरी पर छापा मारा। सर्विलांस टीम का दावा कि यहां अवैध तरीके से फ्लो मीटर बनाने का काम भी चल रहे थे। पुलिस ने फैक्टरी संचालक सहित छह लोगों को हिरासत में लिया है।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के बुनकरनगर गली नंबर 5 में सर्विलांस सेल की टीम ने लिसाड़ी गेट पुलिस को साथ लेकर इमरान की फ्लो मीटर बनाने की फैक्टरी पर मुखबिर द्वारा मिली। सूचना मिलने पर छापेमारी की। पुलिस ने इमरान की फैक्टरी से भारी तादाद में फ्लो मीटर और उन्हें बनाने के उपकरण बरामद हुए है।
पुलिस के मुताबिक इमरान ने बताया है कि वह एक फ्लो मीटर आठ सौ रुपये में तैयार करके एक हजार से लेकर 15 सौ रुपए तक बेच रहा था। लोगों का कहना है कि करीब एक साल पहले इमरान ने अपने पड़ोसी मुशीर के घर को किराए पर लेकर नॉजिल और गैस कटर बनाने का कार्य किया था। कोरोना महामारी के चलते ही मोटी कमाई देखकर इमरान ने करीब चार माह पूर्व फ्लो मीटर बनाने का कार्य शुरू कर दिया था।
पुलिस को मुखबिर ने सूचना दी कि इमरान फ्लो मीटर बनाकर मेरठ, हापुड़, दिल्ली सहित देहात में भी कई जगह पर सप्लाई कर रहा था। सूचना पाकर पुलिस छापेमारी करते हुए मोके से भारी तादाद में फ्लो मीटर और उपकरण कब्जे में लेकर इमरान से पूछताछ शुरू कर दी।
एसपी सिटी विनीत भटनागर का कहना है कि पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है। इस मामले में कौन सी धारा बनेगी। इसको लेकर मंथन चल रहा है। देर रात तक कोई मुकदमा नहीं लिखा गया।
कोई पैमाना नहीं मिला
सर्विलांस प्रभारी मनोज दीक्षित का कहना है कि फ्लो मीटर से कितनी गैस ऑक्सीजन सिलेंडर से जा रही है इसका कोई पैमाना फैक्ट्री में नहीं मिला। पूछताछ के दौरान भी किसी ने यह तक नहीं बताया कि ये फ्लो मीटर बनाने की परमिशन किसके द्वारा मिली गई। सब कुछ अवैध तरीके से चल रहा था। उच्च अधिकारी के निर्देश पर इस मामले में कार्रवाई होगी।