- दमकल विभाग की छह गाड़ियों ने आग पर काबू पाया
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरम कॉलोनी स्थित खन्ना इंपैलर्स फैक्टरी में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, टीपीनगर क्षेत्र के वेद व्यासपुरी स्थित सुशांत सिटी निवासी अक्षय खन्ना पुत्र अभिमन्यु खन्ना की इंदिरापुरम कॉलोनी में खन्ना इंपैलर्स नाम से फैक्टरी है। फैक्टरी में पंखे, प्रेस, हीटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान तैयार किए जाते हैं। रविवार सुबह अचानक फैक्टरी में आग लग गई। आग से फैक्टरी में रखा कई लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि फैक्टरी में काम कर रहे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। कर्मचारियों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। फैक्टरी मालिक और कर्मचारियों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कई घंटे बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। फायर अधिकारियों ने बताया कि फैक्टरी के अंदर केमिकल से भरे ड्रम भी रखे हुए थे। गनीमत रही कि आग उन ड्रमों तक नहीं पहुंची। यदि आग केमिकल ड्रमों तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था और आसपास की कॉलोनियां भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। एफएसओ विश्वास गर्ग ने बताया कि जांच के दौरान फैक्टरी के अंदर किसी प्रकार के फायर उपकरण नहीं मिले। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।-