सरधना। नगर में लगातार हो रही बिजली कटौती की समस्या को लेकर शनिवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष
पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान के नेतृत्व में कस्बे के लोग मेरठ जाकर एमडी से मिले
- बकरीद से पहले निर्बाध आपूर्ति और व्यवस्था सुधार की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कस्बे में हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। शनिवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान के नेतृत्व में कस्बे के लोगोंं का एक प्रतिनिधिमंडल मेरठ में पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक से मिला। उन्होंने बिजली कटौती पर असंतोष जाहिर करते हुए ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि नगर में घंटों बिजली कटौती होती है। बार-बार ट्रिपिंग और जर्जर विद्युत लाइनों के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर वर्धमान फीडर की खराब व्यवस्था को लेकर लोगों में रोष व्याप्त है। ओवरलोड ट्रांसफार्मर और पुराने तारों के चलते आपूर्ति व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। पिछले दिनों बिजली संकट से परेशान होकर लोगों को सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन भी करना पड़ा था। प्रतिनिधिमंडल ने ईद-उल-अजहा को देखते हुए नगर में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की। एबीसी लाइन विस्तार, नए बिजली खंभे लगाने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जर्जर खंभे बदलने और हाईटेंशन लाइनों के पास पेड़ों की छंटाई कराने की मांग भी उठाई गई।
ज्ञापन में रात्रि के समय फाल्ट ठीक करने के लिए तीन विशेष लाइनमैन टीम गठित करने, बिजलीघर पर हाइड्रोलिक लिफ्टर वाहन उपलब्ध कराने और अतिरिक्त मोबाइल ट्रांसफार्मर ट्रॉली की व्यवस्था करने की मांग भी शामिल रही। सीमा प्रधान ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो नगरवासी बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान आगा अली शाह, शाहवेज अंसारी, ललित गुज्जर, सलीम अंसारी, शाहिद मलिक और अशरफ राणा समेत कई लोग मौजूद रहे।