सरधना। रामपुर में अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या किए जाने की घटना के विरोध में बृहस्पतिवार को सरधना तहसील के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों से विरत रहकर प्रदर्शन किया। घटना को लेकर अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है।
तहसील परिसर में एकत्र हुए अधिवक्ताओं ने कहा कि अधिवक्ता की सरेआम हत्या कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। विरोध स्वरूप अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार को सौंपा।
ज्ञापन में हत्यारोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और अधिवक्ताओं की सुरक्षा के ठोस इंतजाम की मांग की गई। इस दौरान बार अध्यक्ष विक्रम त्यागी, महामंत्री मोहित शर्मा, प्रशांत त्यागी, लईक अहमद, सुनील कुमार, शादाब, डॉ. रविंद्र सिंह समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।