बारिश ने रोका एक्सप्रेसवे का काम, अब मंगलवार से डायवर्जन
मेरठ। प्रदूषण का स्तर कम होने के बाद दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कार्य की रफ्तार बढ़ाने के लिए तेजी से कार्य शुरू किया गया, लेकिन बृहस्पतिवार रात से हो रही बारिश ने एक बार फिर कार्य में बाधा डाल दी। रविवार से एनएचएआई की ओर से डायवर्जन करने का प्लान तैयार किया गया था, लेकिन बारिश होने से इसे मंगलवार तक बढ़ा दिया है। एक -दो दिन में गड्ढों में भरे पानी के सूखने के बाद ही डायवर्जन प्लान शुरू होगा।
परतापुर तिराहे और भूडबराल रजवाहे के बीच स्थित आरओबी के नीचे एनएचएआई द्वारा सर्विस रोड बनाने का कार्य किया जा रहा है। इस मार्ग के बनने के बाद दिल्ली से देहरादून जाने वाले वाहनों को आरओबी के नीचे से जाना होगा। यहां से एक इंटरचेंज बाईपास स्थित फोर्ड शोरूम के पास और परतापुर फ्लाईओवर पर जुड़ेगा। वहीं यहां बन रहे दूसरे अंडरपास पर लेंटर डालने का कार्य किया जाएगा। बारिश के कारण शुक्रवार को कार्य नहीं हो सका।
रेलवे ओवरब्रिज के लिए पिलर तैयार
दिल्ली-मेरठ रेलवे लाइन के ऊपर तैयार किए जा रहे ओवरब्रिज के लिए भी पिलर तैयार कर लिए हैं। यहां भी गार्डर रखने का कार्य किया जाएगा। यह भी डायवर्जन के बाद ही होगा वहीं, बहादरपुर के पास मिट्टी को समतल करने का कार्य भी रुक गया।
शॉपरिक्स मॉल तक पहुंचा पेड़ कटान
शहर मेें रैपिड रेल कार्य को भी रफ्तार से किया जा रहा है। परतापुर ओवरब्रिज से अतुल माहेश्वरी सेतु तक पेड़ों को काटा जाना है। इस दूरी में 200 से अधिक पेड़ शामिल हैं। बारिश होने के बाद अन्य कार्यों के बंद होने से पेड़ कटान जारी रहा। शॉपरिक्स मॉल के सामने पेड़ों को काट दिया गया है। वहीं बारिश के कारण परतापुर में चल रहे रैपिड और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर का कार्य भी प्रभावित हुआ।
------------------------------
बारिश ने किया बाधित
बारिश ने कार्य बाधित कर दिया है। अब रविवार नहीं मंगलवार-बुधवार से डायवर्जन प्लान लागू करेंगे। पानी सूखते ही तेज गति से कार्य किया जाएगा। -अरविंद कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे