फलावदा। गांव बातनौर के जंगल में एक खेत में गुब्बारे में हुए विस्फोट से गांव निवासी चार किशोर घायल हो गए थे। घायलों का प्राइवेट चिकित्सक से उपचार कराया गया था। घायलों को पुलिस ने मेडिकल में भर्ती कराया है।अभी तक विस्फोट होने का सही कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
विस्फोट की घटना के बाद बुधवार को सीओ अभिषेक पटेल ने बातनौर के जंगल में घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की बारीकी से जांच की। घटनास्थल से विस्फोटक के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। वहीं, इस मामले को लेकर खुफिया विभाग अलर्ट हो गया है। घटना से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से घटना के खुलासे की मांग की है।
वहीं, सरधना विधानसभा क्षेत्र से विधायक अतुल प्रधान की पत्नी सीमा प्रधान ने बुधवार को घायलों के घर पहुंचकर उनका हाल जाना तथा घटना के खुलासे का आश्वासन दिया। घटनास्थल पर दिल्ली के एक प्रत्याशी के पंफलेट भी पड़े हुए पाए गए हैं।
उधर, गुब्बारा फटने से युवकों के घायल होने की बात कही जा रही है। हालांकि, गुब्बारा फटने से हादसा होने की बात ग्रामीणों के गले नहीं उतर रही है। पुलिस का कहना है कि गुब्बारे कहीं से उड़कर पहुंचे हैं तथा खेत में गिर गए। जिन्हें इन किशाेरों ने उठा लिया। गुब्बारों में कोई विस्फोटक गैस भरी हुई थी। इससे हादसा हुआ है। घायलों को मेडिकल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से विस्फोट के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।