संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। क्षेत्र के रसूलपुर मढ़ी में रविवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत की पंचायत हुई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश संगठन मंत्री राजकुमार करनावल और जिला महासचिव अंतिम डांगी ने किसानों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों को आंदोलन की चेतावनी दी।
पदाधिकारियों ने कहा कि किनौनी चीनी मिल से किसानों के गन्ने का बकाया भुगतान तत्काल कराया जाए और सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में डीएपी उपलब्ध कराई जाए। पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि सरकार 14 दिन में गन्ना भुगतान कराने का दावा करती है, लेकिन किसानों का भुगतान अभी भी लंबित है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक किसानों का बकाया भुगतान नहीं होता, तब तक गन्ना खरीद केंद्रों को लेकर संगठन अपनी रणनीति तय करेगा।
किसानों ने सहकारी समितियों पर डीएपी की कमी और बिजली निगम से जुड़ी समस्याओं का मुद्दा भी उठाया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि किसान अपनी जमीन की खतौनी में अंश दुरुस्त कराने के लिए तहसीलों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा। उन्होंने जल्द सरधना तहसील का घेराव कर आंदोलन करने की चेतावनी दी। पंचायत में किसानों से संगठन को मजबूत करने और अपने घरों पर भाकियू का झंडा व स्टीकर लगाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन संघर्ष जारी रखेगा। पंचायत का संचालन लोकेश शिवांश ने किया। इस दौरान सतीश, इलम सिंह, मास्टर चौक, सोरम सिंह, अब्दुल गफ्फार, दीपक, गोपाल, राजीव गुर्जर, अमित, दीपक प्रधान, कविता प्रधान, नीतू चौधरी, अर्जुन चांदगोठी, विनोद सुरानी और अशफाक प्रधान चैनपुर समेत कई किसान व कार्यकर्ता मौजूद रहे।