मेरठ बार एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार को पंडित नानचंद सभागार में विधिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में वरिष्ठ अधिवक्ता मांगेराम तथा बार एसोसिएशन के महामंत्री प्रवेश आलम एडवोकेट ने फौजदारी मामलों में गिरफ्तारी, रिमांड और जमानत की प्रक्रिया के संबंध में अधिवक्ताओं को महत्वपूर्ण कानूनी जानकारी दी।
इस दौरान युवा एवं जूनियर अधिवक्ताओं को प्रोफेशनल एथिक्स के बारे में भी विस्तार से बताया गया। वक्ताओं ने न्यायालय में अधिवक्ताओं की भूमिका, पेशेवर आचरण तथा न्यायिक प्रक्रिया के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में उपयोगी जानकारी साझा की।
मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनुज शर्मा ने कहा कि कार्यशाला आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य युवा एवं जूनियर अधिवक्ताओं को न्यायालय में होने वाली विभिन्न प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे कोर्ट रूम की कार्रवाई को बेहतर ढंग से समझ सकें और अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के लिए कानूनी ज्ञान के साथ-साथ प्रोफेशनल एथिक्स और गरिमापूर्ण आचरण की जानकारी भी बेहद आवश्यक है क्योंकि अधिवक्ता समाज के महत्वपूर्ण अंग है और उनसे उच्च स्तरीय आचरण की ही अपेक्षा की जाती है। इस कार्यशाला को युवा अधिवक्ताओं ने अपने लिए बेहद उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।