साढ़े पांच लाख रुपये में बनेगा नाला, दस लाख पंपसेट से पानी निकालने में फूंक दिए
जिस नाले के निर्माण पर पांच लाख रुपये की लागत आ रही है, उसके नहीं बनने से रास्तों में जलभराव रहता था और पंपसेट से पानी की निकासी कराने में ही पंचायत ने दस लाख रुपये फूंक दिए थे।
लगभग 35 साल पहले गांव में कोई निधि नहीं आती थी, जिस कारण गांव के पूर्व प्रधान सरदार सिंह ने लगभग 35 साल पहले चंदा एकत्रित कर नाले के निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया था, लेकिन जगह न मिलने चंदा वापस कर दिया था। गांव के लोगों ने कई बार कलक्ट्रेट व तहसीलों में भूख हड़ताल तक की, लेकिन आश्वासन देकर ग्रामीणों को वापस भेज दिया जाता। जलभराव के चलते गांव से 12 से अधिक परिवार पलायन कर चुके हैं।
गांव के हालात ऐसे थे कि बिना बरसात ही गांव की गलियों में गंदा पानी भरा रहता था, बरसात के दिनों में तो लोग घरों में कैद हो जाते थे। यहां पर तक रिश्तेदारों ने भी गांव में आना छोड़ दिया था। कई बार पंप सेट लगाकर तालाब व गलियों में भरा गंदा पानी निकाला जाता था, जिसमें अब तक लगभग 10 लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। गांव के राजपाल, कश्मीरी देवी, इंदू, आदित्य का कहना है कि नाला निर्माण कार्य शुरू हो गया हैै। कहा कि अब तो हमारे दिन बदलने वाले है। वर्षों हो गए गंदगी व जल भराव के बीच रहते हुए।
80 मीटर जमीन खरीदी गई : प्रधान
ग्राम प्रधान रणवीर व ग्राम सचिव राहुल सरोरा ने बताया कि खरीदी गई 80 मीटर व अन्य 20 मीटर जगह से नाले निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। इसके निर्माण में लगभग साढ़े पांच लाख रुपये की लागत आएगी। नाले का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद तालाब का गंदा पानी नाले के माध्यम से मलकपुर चीनी मिल के नाले के माध्यम से गांव से बाहर निकाला जाएगा।
ये हैं गांव के नामचीन खिलाड़ी
अर्जुन अवार्डी शौकेंद्र पहलवान, अर्जुन अवार्डी सुभाष पहलवान, राजीव तोमर, अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्लेयर नितिन तोमर, अंतरराष्ट्रीय पहलवान संदीप तोमर के अलावा यश भारती, भारत केसरी व लक्ष्मीबाई अवार्डी महिला मल्ला अंशु तोमर के नाम से मलकपुर गांव की पहचान है।