दो महीने चलेंगी परीक्षाएं, नियमों का पालन बड़ी चुनौती
मेरठ। सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में वार्षिक की मुख्य और प्राइवेट की परीक्षाएं 20 जून तक चलेंगी। परीक्षा में तीन लाख 83 हजार छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। ऐसे में कोरोना संकम्रण के बढ़ते मामलों के चलते परीक्षा कराना बड़ी चुनौती रहेगा। केंद्रों पर प्रवेश और पेपर खत्म होने पर इतने छात्र-छात्राओं की संख्या होने के कारण सोशल डिस्टेंसिंग नहीं बन पा रही है। ऐसे में कोरोना के मामले बढ़े तो और मुश्किल होगी।
कॉलेजों में बीए-बीएससी-बीकॉम रेग्युलर और प्राइवेट में बीए-बीकॉम-एमए-एमकॉम की परीक्षाएं 10 अप्रैल से शुरू हो गई हैं। छात्र-छात्राओं का पूरा सत्र खराब हो चुका है, ऐसे में विवि तेजी से परीक्षाएं कराकर नए सत्र की तैयारी में जुटा है। इसी के चलते परीक्षाएं शुरू कराई गई हैं। छात्र-छात्राओं की संख्या इतनी है कि कक्षों में तो सोशल डिस्टेंसिंग से बिठाया जा रहा है, लेकिन प्रवेश और पेपर खत्म होने पर भीड़ लग रही है।
आरजी और इस्माईल कॉलेज में जगह कम होने के कारण छात्राओं की गेट पर सिटिंग प्लान देखने के लिए भीड़ लग रही है। अगर कोरोना के मामले अधिक बढ़े तो परीक्षा में और मुश्किल होगी। विवि प्रशासन की तरफ से कहा गया है कि कई जगह से शिकायत मिली है कि कक्ष में छात्र मास्क हटा रहे हैं, ऐसे छात्रों को सख्त चेतावनी दी जाए।
--
परीक्षा रद होने की फर्जी पोस्ट वायरल
सीसीएसयू की परीक्षा को लेकर सोशल साइट पर एक फर्जी पोस्ट वायरल हो रही है। इसको लेकर छात्र-छात्राएं ध्यान रखें कि सीसीएसयू की वेबसाइट या अखबार में आने वाली खबर को ही सही मानें। सोशल साइट पर गलत तरह से पोस्ट बनाकर छात्र-छात्राओं को भ्रमित करने के लिए परीक्षा रद करने की अफवाह फैलाई जा रही। विवि प्रशासन का कहना है कि ऐसी सूचनाओं से छात्र-छात्राएं सजग रहें।