मेरठ में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के सदस्य चिकित्सक डॉ. अनिल कपूर ने मानवता की मिसाल पेश की है। उन्होंने सड़क पर घायल मिले कर्नल को अस्पताल पहुंचाकर तुरंत इलाज दिया। कर्नल फिलहाल स्वस्थ हैं।
आईएमए भवन में डॉ. कपूर ने बताया कि 16 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे मवाना रोड पर मिलिट्री डेयरी फार्म के पास उन्होंने सड़क किनारे एक क्षतिग्रस्त कार देखी। उसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल मिला। उन्होंने कोरोना की परवाह किए बिना कुछ लोगों की मदद से घायल को जसवंत राय अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचाया और खुद ही उनका इलाज शुरू कर दिया।
इस दौरान घायल ने बताया कि वह कर्नल हैं और उदर रोग विशेषज्ञ डॉ. एसके त्यागी को जानते हैं। सूचना पर डॉ. त्यागी भी पहुंच गए। इसके बाद उन्हें मिलिट्री हॉस्पिटल पहुंचाया गया। कर्नल के परिवार और आईएमए के चिकित्सकों ने डॉ. कपूर की हौसला अफजाई की है।
डॉ. कपूर साल 2015 में भी इसी तरह एक व्यक्ति की जान बचा चुके हैं। इस दौरान आईएमए अध्यक्ष डॉ. नवीन कुमार, सचिव डॉ. अनिल नौसरान, वित्त सचिव डॉ. सुशील गुप्ता और डॉ. नीरा (कर्नल की मां) मौजूद रहीं।
मदद करें, डरें नहीं
डॉ. एसके त्यागी ने बताया कि भारत में हर साल करीब डेढ़ लाख लोगों की मौत सड़क हादसों में हो जाती है। ऐसे में सड़क हादसों में घायल लोगों की मदद करें, डरें नहीं। घायल को एक घंटे के भीतर अगर अस्पताल पहुंचा दिया जाए तो उसे बचाया जा सकता है।