- सेट बैक छोड़ने के मामले में लगतार 80वें दिन भी धरना रहा जारी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में धरना दे रही महिलाओं के बीच रविवार को पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना पहुंचे। उन्होंने महिलाओं की पीड़ा सुनी और सहयोग का पूरा भरोसा दिलाया। पूर्व सांसद ने कहा कि वह इस समस्या को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे।
सेट बैक छोड़ने के विरोध में रविवार को 80वें दिन भी सेंट्रल मार्केट सेक्टर-2 में महिलाओं का धरना जारी रहा। महिलाओं ने कहा कि शांतिपूर्वक धरना दे रहे हैं लेकिन कहीं से भी उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिल रहा। उनके बीच पहुंचे पूर्व सांसद अवतार सिंह भड़ाना को भी उन्होंने परेशानी बताई। महिलाओं ने कहा कि क्षेत्र में आवासीय भवनों में चल रहीं 90 फीसदी दुकानें बंद हो चुकी हैं। महज 38 मीटर के मकान हैं जो चार इंच की दीवार पर बने हैं। दुर्बल और अल्प आय वर्ग के इन मकानों में सेट बैक छोड़ना संभव नहीं है। अगर सेट बैक छोड़ने के लिए इन पर हथौड़ा चला तो ये गिर जाएंगे।
पूर्व सांसद ने कहा कि लोगों के घर न टूटें और फिर से उनके रोजगार बहाल हों इसके लिए प्रयास करेंगे। मुख्यमंत्री से मिलकर समस्या दूर करने की पुरजोर कोशिश होगी। कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी के अलावा हरि पुजानी, जगरोशनी, शीतल, रजनी समेत काफी संख्या में व्यापारी भी मौजूद रहे। गोल मंदिर सेक्टर-3 व 4 के चौराहे पर धरने पर बैठी महिलाओं के बीच पूर्व सांसद के न पहुंचने से उनमें मायूसी दिखी।