यूपी के बागपत में एक सेवानिवृत्त फौजी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार खेकड़ा के पट्टी औरंगाबाद निवासी सेवानिवृत फौजी रामपाल (65) शुक्रवार देर रात अपने घर के बाहर चबूतरे पर सो रहे थे। इसी बीच देर रात कुछ अज्ञात लोगों ने उनकी ईंट से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
शनिवार तड़के परिजनों ने जब बाहर देखा तो फौजी का शव खून से लथपथ चारपाई पर मिला। घटना से परिजनों में जहां कोहराम मच गया वहीं इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच पड़ताल की। पुलिस ने आसपास के लोगों व परिजनों से पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं परिजनों ने किसी रंजिश से इनकार किया है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।