मेरठ। रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए देश में 200 अप-डाउन ट्रेनों का संचालन एक जून से शुरू किया। इसके बावजूद इन ट्रेनों में सीट बुकिंग नहीं हो रही है। यदि बुकिंग फुल हो रही है तो ट्रेन आने पर यात्री नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसा कोरोना संक्रमण के भय के चलते है। ऐसे में यदि कोई यात्रा करना चाहे तो उसे अगले दिन का आरक्षित टिकट आसानी से मिल जाएगा।
एक जून से मेरठ के सिटी स्टेशन पर दो ट्रेनें रुक रही हैं। नई दिल्ली-देहरादून जनशताब्दी और अमृतसर-मुंबई सेंट्रल को जाने वाली गोल्डन टेम्पल का संचालन किया जा रहा है। इन दोनों प्रमुख ट्रेनों में स्लीपर से लेकर वातानुकूलित कोच में सीटें खाली पड़ी हैं। यदि किसी का प्लान अचानक अगले दिन का बन रहा है तो इन दोनों ट्रेनों में आरक्षण कराया जा सकता है। कोरोना संक्रमण के भय के चलते लोगों द्वारा यात्रा नहीं करने से रेलवे को नुकसान हो रहा है। इसलिए खाली ट्रेन का लंबे समय तक संचालन करना रेलवे के लिए संभव नहीं है। यदि किसी ने रेलवे काउंटर से आरक्षित टिकट लिया है और उसका यात्रा करना संभव नहीं हो पाया है तो इसके लिए रिफंड मिलने की दिक्कत आएगी। 69 दिनों तक ट्रेनें बंद होने से कैश की समस्या भी है। जिसके चलते स्टेशन पर कैश उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।