ईटीएम खराब, बिगड़ी बसों की चाल
मेरठ। तमाम दावों के बाद भी रोडवेज में ईटीएम की कमी दूर नहीं हो पा रही है। 20 फीसदी से ज्यादा ईटीएम खराब होने और बसों के सापेक्ष पर्याप्त ईटीएम नहीं होने का असर बसों के संचालन पर पड़ रहा है। इसके चलते संविदा कर्मियों और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
रोडवेज बसों में इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ईटीएम) से टिकट जारी किया जाता है। 750 बसों के बेड़े के लिए दोगुनी मशीनों की आवश्यकता होती है। रोडवेज ने इसके लिए आउटसोर्स कंपनी को ठेका दिया है। यह कंपनी विभाग को नई ईटीएम मुहैया कराने के अलावा उनकी मेंटीनेंस भी करती है। पिछले कुछ दिनों से करीब बीस फीसदी मशीनों के खराब होने और जरूरत से करीब दस फीसदी मशीनें कम होने की शिकायत अनुबंधित बस ऑपरेटर करते रहे हैं। उनका कहना है कि ईटीएम की कमी के चलते उनकी बसों के संचालन पर प्रभाव पड़ रहा है। परिचालक ड्यूटी को आते हैं। लेकिन ईटीएम नहीं होने के चलते उन्हें वापस कर दिया जाता है। मशीनों की कमी के चलते शत प्रतिशत बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। इससे यात्रियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरएम नीरज सक्सेना ने बताया कि ईटीएम की कमी और खराबी के लिए संबंधित कंपनी को कहा गया है। जल्द ही इस समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।