हस्तिनापुर कस्बे के मुख्य मार्ग स्थित विवादित संपत्ति की तीन दुकानों पर लगी सील तोड़कर कब्जे के प्रयास के मामले में सोमवार को नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी पूजा सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने लोगों को हाईकोर्ट की अनुमति के बिना दुकानों के ताले खोलने या संपत्ति की स्थिति बदलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
नगर पंचायत ने दोबारा लगाए ताले
जानकारी मिलने पर नगर पंचायत की टीम मौके पर पहुंची और दुकानों पर अपने ताले लगा दिए। मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचने के बाद एडीएम प्रशासन/एडीएम ई विजय वर्धन तोमर ने नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी को संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
मौके पर पहुंचीं ईओ, दस्तावेजों की जांच
सोमवार को ईओ पूजा सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने वहां मौजूद लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी कि हाईकोर्ट की अनुमति के बिना दुकानों के ताले खोलने या संपत्ति की स्थिति बदलने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ईओ ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की।
क्षेत्र में जांच करने पहुंची ईओ
- फोटो : अमर उजाला
फैसला आने तक यथास्थिति रखने के निर्देश
ईओ पूजा सिंह ने बताया कि मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। न्यायालय का फैसला आने तक संपत्ति की स्थिति यथावत रखी जाएगी। बिना न्यायालय की अनुमति के किसी को भी ताले खोलने या कब्जे का प्रयास करने की अनुमति नहीं है।
हालांकि, सोमवार तक ईओ की ओर से थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई थी। एसडीएम संतोष कुमार ने बताया कि मामले में अधिशासी अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।