दौराला। बड़कली गांव स्थित एक खाद प्लांट में रंजिशन चार लोगों ने आग लगा दी। आग की लपटे देख ग्रामीणों ने प्लांट मालिक को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे प्लांट मालिक ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया परंतु आग नहीं बुझी। सूचना पाकर पहुंची फायर ब्रिगेड ने घंटों बाद आग पर काबू पाया, तब तक लाखों रुपये का नुकसान हो चुका था।
कंकरखेड़ा के रामनगर निवासी रविशंकर बड़कली गांव में जमीन ठेके पर लेकर केंचुए की खाद बनाते हैं। बताया कि सोमवार देर रात चार लोगों ने रंजिशन उनके खाद के प्लांट में आग लगा दी। आग लगी देख ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और फोन पर मालिक को जानकारी देकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग भयंकर होने के कारण ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड को जानकारी दी। फायर ब्रिगेड ने घंटों बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित ने नामजद तहरीर दी है। सीओ दौराला जितेंद्र सरगम का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।