युवाओं में दिखा उत्साह... जमकर लगवाए टीके
मेरठ। टीकाकरण को लेकर युवाओं में खासा उत्साह दिखा। टीकाकरण केंद्रों पर कतारें लगी रहीं। 10 केंद्रों पर लक्ष्य तीन हजार को टीका लगाने का था, जबकि 2450 युवाओं को ही टीके लगाए गए। स्टॉक खत्म होने के कारण जिले के लिए तीन हजार कोवैक्सिन डोज विशेष विमान से लाई गईं। परतापुर से गाड़ी में वैक्सीन केंद्रों पर भेजी गईं। मेडिकल, जिला अस्पताल, और सीसीएसयू विश्वविद्यालय समेत दस केंद्रों पर वैक्सीनेशन दोपहर 12 से शाम 5 बजे तक चला।
18-44 साल उम्र वर्ग वालों के लिए शनिवार से वैक्सीनेशन शुरू हो गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने बताया कि सौ प्रतिशत टीकाकरण हुआ है। एक केंद्र पर 300 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य था, जिसे अब घटाकर 150 कर दिया जाएगा। साथ ही सत्र भी कम किए जाएंगे। रविवार को टीकाकरण का कार्य नहीं किया जाएगा। शुक्रवार को शासन के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में टीकाकरण को लेकर वार्ता हुई थी। मेरठ के अधिकारियों ने बताया था कि वैक्सीन नहीं है। इस पर शासन ने विशेष विमान से मेरठ तक टीका पहुंचाने का प्रबंध किया। पुलिस की गाड़ियों के बीच वैक्सीन की डोज सेंटरों पर भेजी गईं। राज्य प्रतिरक्षण निदेशालय का एक अधिकारी विमान के साथ आया था।
इन केंद्रों पर हुआ टीकाकरण
पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय, पीएल शर्मा जिला चिकित्सालय (आईसीयू वार्ड), जिला महिला चिकित्सालय, मेडिकल कालेज (सेंट्रल लाइब्रेरी) एक, मेडिकल कालेज (सेंट्रल लाइब्रेरी) दो, कैंटोनमेंट चिकित्सालय कैंट, सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि विवि, चौधरी चरण सिंह विवि. (आइक्यूएसी हाल), यूपीएचसी साबुन गोदाम, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रजपुरा(भावनपुर)।
महज दो घंटे में हो गए तीन हजार आवेदन
टीकाकरण को लेकर युवाओं में जिस कदर उत्साह था, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि महज दो घंटे में तीन हजार लोगों ने टीका लेने के लिए आनलाइन आवेदन कर दिया। इसके बाद पोर्टल पर अप्वाइंटमेंट मिलने बंद हो गए। शनिवार के बाद इस आयु वर्ग के लिए अगला चरण कब होगा, इसको लेकर स्थिति साफ नहीं है।
सरकारी अस्पताल में लगवा सकते हैं दूसरी डोज
एक मई से टीकाकरण की नई व्यवस्था में निजी अस्पतालों में बनाए गए केंद्र पर फिलहाल टीकाकरण नहीं हुआ। अब निजी अस्पतालों को टीकाकरण के लिए सरकारी स्तर पर वैक्सीन नहीं दी जाएगी। उन्हें अपने स्तर से वैक्सीन प्रदाता कंपनियों से वैक्सीन खरीदनी होगी। ऐसे में लोगों को संशय है कि जिन लोगों ने निजी अस्पताल में पहली डोज लगवाई थी, वह दूसरी डोज कहां लगवाएंगे। सीएमओ डॉ. अखिलेश मोहन का कहना है कि निजी अस्पताल में पहली डोज लगाने वालों को सरकारी अस्पताल में दूसरी डोज निशुल्क लगाई जाएगी। उन्हें इसके लिए टीकाकरण सर्टिफिकेट साथ लाना होगा।
युवा बोले, आप भी जल्द लगवाएं टीका
महिला जिला अस्पताल में वैक्सीन लगवाने पहुंचे चिराग अग्रवाल ने कहा कि हमें भारतीय वैक्सीन पर भरोसा है। उनकी बहन आस्था अग्रवाल ने कहा कि कोरोना का इलाज सिर्फ वैक्सीन ही है। जल्द से जल्द सभी वैक्सीन लगवानी चाहिए। मेडिकल कॉलेज में साक्षी ने कहा कि वैक्सीन सुरक्षित है, यह साफ हो चुका है।
वैक्सीन है नहीं, अगला टीकाकरण तय नहीं
10 टीकाकरण स्थलों पर 18 वर्ष से 44 वर्ष तक के आयु के लाभार्थियों का टीकाकरण हुआ। 3000 का लक्ष्य था, 2450 लाभार्थियों ने टीकाकरण कराया। यह 81.4 प्रतिशत रहा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी ने बताया कि अगला टीकाकरण पूर्ण रूप से ऑनलाइन ही संपन्न होगा, जिसकी घोषणा वैक्सीन मिलने के बाद की जाएगी। जिले में सबसे अधिक टीकाकरण चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी स्थित टीकाकरण स्थल पर हुआ, जो 95.7 प्रतिशत रहा। सबसे कम लाला लाजपत राय स्मारक चिकित्सा विश्वविद्यालय स्थित लाइब्रेरी नंबर दो पर हुआ। यहां सबसे कम 46.2 प्रतिशत रहा।
पोर्टल स्लो होने और नंबर जुड़ने में हुई दिक्कत
पंजीकरण के लिए लोग परेशान दिखे। को-विन पोर्टल काफी स्लो रहा। इससे रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी होने में काफी लंबा समय लगने से परेशानी रही। लोग अपना मोबाइल नंबर पंजीकरण के लिए अपडेट करते रहे, लेकिन कोई ओटीपी न होने से परेशानी रही।
5606 लोगों ने लगवाया टीका
मेरठ। 45 से अधिक आयु वर्ग के 5606 लोगों ने शनिवार को टीका लगवाया। सिर्फ सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर 59 सत्र लगाए गए थे। 13150 लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य था, मगर करीब 42.2 प्रतिशत लोग ही टीकाकरण कराने के लिए पहुंचे। जिले में अब तक तीन लाख से अधिक लोग कोरोना से बचाव का टीका लगवा चुके हैं।