सीएचसी पर कोरोना जांच कराने वालों की लगी लंबी लाइन
- प्रत्याशियों ने स्वास्थ्यकर्मियों पर लगाया रुपये देकर निगेटिव रिपोर्ट देने का आरोप
- मतगणना के लिए प्रत्याशी और एजेंट की निगेटिव कोरोना रिपोर्ट अनिवार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
परीक्षितगढ़/रोहटा। पंचायत चुनाव के प्रत्याशी और एजेंट की कोरोना जांच कराने के लिए शनिवार को भी लंबी लाइन लगी रही। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं किया गया। प्रत्याशियों का आरोप है स्वास्थ्यकर्मी रुपये लेकर जांच रिपोर्ट निगेटिव दे रहे हैं।
रविवार सुबह आठ बजे से नगर के परीक्षितगढ़ इंटर कॉलेज में मतगणना शुरू होगी। जिसके लिए प्रत्याशियों और उनके एजेंट को कोरोना रिपोर्ट निगेटिव दिखाना अनिवार्य है। कोरोना रिपोर्ट लेने के लिए प्रत्याशी तीन से परेशान है कभी किट खत्म होना तो कभी कर्मचारियों का नहीं होने के चलते जांच नहीं हो पा रही है। शनिवार को भी प्रत्याशी और उनके एजेंट लंबी लाइनों में लगे रहे। कुछ प्रत्याशियों का आरोप है कि कर्मचारी रुपये लेकर निगेटिव रिपोर्ट दे रहे हैं। जो रुपये नहीं दे रहे हैं उन्हें जांच के नाम पर टरकाया जा रहा है।
वहीं, सीएचसी पर एक संक्रमित को दवा न देने पर एक युवक ने हंगामा किया। हंगामा बढ़ता देख स्वास्थ्य कर्मी ने दवा देकर उसे घर पर ही होम क्वारंटीन रहने की बात की। जांच करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों ने दूसरे दिन भी कोरोना प्रोटोकॉल के नियमों का पालन नहीं किया। बिना पीपीई किट पहने ही लोगों की कोरोना जांच की। इस संबंध में सीएचसी प्रभारी डॉ. संदीप गौतम से बात नहीं हो सकी।