पानी मांगने के बहाने घर में घुसे, हथियार दिखाकर महिला के कुंडल लूटे
मवाना। हस्तिनापुर रोड स्थित निर्माणाधीन कॉलोनी में रह रहे मां-बेटे को बदमाशों ने गन प्वाइंट पर ले लिया। घर में नकदी नहीं मिलने पर बदमाश महिला से कानों के कुंडल लूटकर फरार हो गए। पीड़िता ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है।
हस्तिनापुर रोड पर नवीन मंडी के पास ही डिफेंस कॉलोनी स्थित है। इसमें कुछ ही मकान बने हैं। कॉलोनी में दो माह पहले ही राहुल पुत्र अशोक का परिवार आकर बसा है। राहुल की पत्नी ममता ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर दो युवक बाइक पर आए तथा दरवाजा खटखटाकर पानी मांगा।
उसने दरवाजा खोला तो बदमाशों ने तमंचे निकाल लिए तथा उसे और उसके 13 साल के बेटे को गन प्वाइंट पर ले लिया तथा गोली मारने की धमकी देते हुए कमरे में ले गए। बदमाशों ने कहा कि तुम लोगों ने अभी कुछ दिन पहले ही मकान बेचा है, उसकी नकदी कहां है। घर में नकदी नहीं मिलने पर बदमाशों ने ममता के कानों के सोने के कुंडल उतरवा लिए और धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पीड़िता ने थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौर ने घटना की जानकारी होने से इनकार किया है।