मेरठ। विद्युत अभियंताओं के उत्पीड़न के विरोध में बृहस्पतिवार को ऊर्जा भवन में अभियंताओं ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। अभियंता संघ के महासचिव इंजीनियर जितेंद्र सिंह ने बताया कि उत्पीड़नात्मक कार्रवाई के विरोध में अभियंता संघ कमी ओर से आंदोलन की शुरूआत की गई है।
उन्होंने कहा कि 19 मार्च 2023 को ऊर्जा मंत्री के समस्त उत्पीड़न की कार्रवाइयों को वापस लेने के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया है। कई अभियंताओं की पदोन्नति और वेतन वृद्धि रोकी जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने दिया जाएगा। बृहस्पतिवार को इसके विरोध में अभियंताओं की ओर से प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान संघ के अध्यक्ष इंजीनियर संजय सिंह चौहान ने भी विरोध प्रकट किया। उन्होंने अधिकारियों को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर उस समय के प्रकरण में हस्तक्षेप कर उत्पीड़न की समस्त कार्रवाई को निरस्त करने की मांग की।