मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र में ढबाई नगर पुल पर सोमवार दोपहर बाइक की टक्कर लगने पर कांवड़ियों ने दो युवकों को जमकर पीटा। इसे लेकर काफी देर तक हंगामा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह कांवड़ियों को शांत कराया। इसके बाद यहां बने कट को पूरी तरह बंद कर दिया।
ढबाई नगर निवासी साजिद और कामिल सोमवार को बाइक पर किसी काम से कमेला रोड पर गए थे। दोपहर में लौटते समय ढबाई नगर पुल के पास डिवाइडर के कट पर मुड़ते समय उनकी बाइक कांवड़ियों से टकरा गई। इससे गुस्साए कांवड़ियों ने दोनों की पिटाई कर दी। मौके पर शिवभक्तों की काफी भीड़ एकत्र हो गई। उन्होंने हंगामा करना शुरु कर दिया। नौचंदी पुलिस पहुंची और कांवड़ियों को समझाकर मामला शांत कराया।
इसके बाद पुलिस ने यह कट बंद कर दिया। स्थानीय लोगों ने इससे परेशानी होने का हवाला देते हुए पहले की तरह कुछ हिस्सा खोलने की मांग की, लेकिन पुलिस ने कट नहीं खोला। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि हंगामे की सूचना पर पुलिस पहुंची थी और कांवड़ियों को शांत कर गंतव्य की ओर रवाना किया। किसी भी पक्ष ने कोई लिखित शिकायत नहीं की है।