संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। अपराह्न के समय उपजिलाधिकारी, सीओ व नगर पालिका के ईओ द्वारा नगर के मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। सड़क किनारे फुटपाथ पर रखे बोर्ड आदि को जब्त कर लिया। सड़क किनारे खड़ी कार व बाइक आदि का चालान किया। उपजिलाधिकारी ने पालिका ईओ को अनाउंसमेंट कराकर अतिक्रमण करने वालों को चेतावनी देने के निर्देश दिए।
काफी समय से नगर के लोगों द्वारा काफी समय से मुख्य मार्ग पर लगने वाले जाम से निजात की मांग की जा रही है। जाम का मुख्य कारण मुख्य मार्ग व फलावदा मार्ग पर सड़क किनारे खड़े वाहन, डाला गया सामान व वाहन खड़े होना है। बुधवार को अपराह्न के समय एसडीएम संतोष कुमार सिंह, सीओ पंकज लवानिया, ईओ कृष्णकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस फोर्स के साथ मुख्य मार्ग पर थाने के सामने से अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू किया।
दुकानों के आगे रखे बोर्डों को पुलिस वालों ने उठाकर उनको ई रिक्शा में डालकर ले गए। अभियान थाने से शुरू होकर फलावदा रोड पर पहुंचा। जाम की समस्या पैदा कर रही निजी बस को लेकर मुंशी को जमकर हड़काया। मुंशी ने कहा कि आगे से बस यहां खड़ी नहीं होगी। मुख्य मार्ग से होते हुए झब्बर मंडी व गुड़ मंडी होते हुए सुभाष चौक पर पहुंचकर अभियान समाप्त कर दिया।
सड़क किनारे खड़ी आठ कारों व 15 बाइकों का भी चालान किया गया। एसडीएम ने ईओ को निर्देश दिए कि दो दिन तक अनाउंसमेंट कराकर व्यापारियों व लोगों को चेतावनी दें कि स्वयं अतिक्रमण हटा लें। नहीं हटाते हैं तो पुनः अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान सडक किनारे रखे बोर्डो को पुलिस वालों के साथ हटाते थाना प्रभारी। (