संवाद न्यूज एजेंसी
लावड़। थाना इंचौली और लावड़ पुलिस ने सोमवार को लावड़ चौराहे पर विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देश पर चलाया गया।
एएसपी व थाना प्रभारी बजरंग प्रसाद के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सड़क और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटवाया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में सुविधा मिल सके। पुलिस ने दुकानदारों और ठेला-फेरी लगाने वालों को भविष्य में सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी। इसके बाद संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की गई। तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहन, बिना नंबर प्लेट और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। एएसपी ने कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था और कानून का पालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। अतिक्रमण और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।