सरूरपुर। खिवाई कस्बे में बृहस्पतिवार को नगर पंचायत प्रशासन ने खलिहान की भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जा मुक्त करा दिया। राजस्व विभाग और पुलिस की मौजूदगी में जेसीबी से अतिक्रमण हटाया गया।
खलिहान की भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। मामले की शिकायत मिलने पर नगर पंचायत प्रशासन ने राजस्व विभाग और पुलिस के सहयोग से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम की निगरानी में जेसीबी मशीन से अतिक्रमण हटाया गया। संभावित विरोध को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
अभियान के दौरान सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी हरि नारायण ने बताया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और सरकारी संपत्तियों को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। इस दौरान लेखपाल रोहित शर्मा, नगर पंचायत के कर्मचारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।