मवाना। प्रशासन और नगर पालिका द्वारा लोगों को जाम से निजात दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाने के लिए चलाए जाने वाला अभियान दूसरी बार फिर से दो दिन के लिए टल गया है।
आसमान से इस समय आग बरस रही है, ऐसे में मुख्य मार्ग पर लगने वाला जाम लोगों के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। इससे निजात पाने के लिए कई बार नगर के लोग व व्यापारिक संगठन मांग कर चुके हैं। इसके संबंध में शनिवार से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने की बात बीते शुक्रवार को एसडीएम ने कही थी लेकिन दूसरे शनिवार को पालिका का अवकाश होने के कारण इस अभियान को सोमवार को चलाने के लिए कहा गया था।
सोमवार को पालिका ईओ पूजा सिंह ने सूचना जारी कर कहा कि नगर के मुख्य चौराहों व मुख्य सड़क की साइड पटरी व नाला-नाली पर वाहन, फलों की ठेली एवं नाले के आगे दुकानदारों ने सामान रखकर व अन्य किसी भी प्रकार का अतिक्रमण कर रखा है। इससे नगर में भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न रहती है। सभी अतिक्रमणकर्ता स्वयं ही दो दिन के अंदर अपना सामान हटा लें अन्यथा पालिका द्वारा अभियान चलाकर सड़क के बाहर रखे सामान, ठेली आदि पर लगाए गए सामान को जब्त कर लिया जाएगा एवं जुर्माना भी लगाया जाएगा।