संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। नगर पालिका द्वारा कई दिन पहले लाउडस्पीकर से घोषणा कराई गई थी कि 23 दिसंबर से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। मजिस्ट्रेट के उपलब्ध नहीं होने के कारण अभियान नहीं चल सका। कब शुरु होगा अभी पता नहीं है। फिलहाल जाम से राहत के कोई आसार नहीं।
नगर के मुख्य मार्ग मेरठ-हस्तिनापुर रोड सहित नगर के अंदर के बाजारों में भी भारी स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण है। इस कारण मुख्य मार्ग पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। बाजार के भी यही हालात हैं। नर्सिंग होम आदि के पास पार्किंग स्थल नहीं होने से वाहन सड़कों पर ही खड़े रहते हैं। इससे भी जाम के हालात पैदा होते हैं। लोगों द्वारा संपूर्ण समाधान दिवस आदि पर कई बार जाम से निजात दिलाने की मांग को लेकर शिकायत की जा चुकी है लेकिन ध्यान नहीं दिया जा रहा।
लगभग तीन दिन पहले पालिका की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से नगर में व्यापारी आदि को सूचित किया गया था कि मंगलवार 23 दिसंबर से नगर में पालिका द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
पालिका अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार का कहना है कि नायब तहसीलदार को मजिस्ट्रेट के रूप में तैनात किया गया था। वह उपलब्ध नहीं हो सके। जानकारी करने पर पता चला कि वह एसआईआर के कार्य में व्यस्त हैं। बिना मजिस्ट्रेट की उपस्थिति के अभियान नहीं चलाया जा सकता। जब वह उपलब्ध होंगे, अभियान चलाया जाएगा।