लावड़। मीठेपुर मार्ग स्थित खाली पड़ी जमीन पर अतिक्रमण कर कुछ लोगों ने कब्जा करने का प्रयास किया, जिस पर सोमवार को नगर पंचायत की टीम ने पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर कब्जा हटवाया। ईओ व कब्जाधारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई।
अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि खाली पड़ी जमीन का हाईकोर्ट में मुकदमा विचाराधीन है। उक्त जमीन पर खोखा लगाकर कब्जा करने की शिकायत मिलने के बाद पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाने का प्रयास किया गया। आरोप है कि अतिक्रमण करने वाले लोगों ने अभद्रता की। पुलिस ने उनको हटाया और टीम ने अतिक्रमण हटवा दिया। चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण हुआ तो कार्रवाई की जाएगी। ईओ ने अतिक्रमण करने वालों को मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन होने का हवाला देकर अतिक्रमण करने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी।