मेरठ में कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए मंगलवार देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों ने पल्लवपुरम में प्रॉपर्टी डीलर को बंधक बनाकर कार लूट ली। लूट की सूचना फ्लैश होने पर सदर बाजार पुलिस ने बदमाशों की कंपनी बाग के पास घेराबंदी कर ली। दोनों तरफ से 20 से ज्यादा राउंड फायरिंग में 25 हजार का इनामी बदमाश मंसूर ढेर हो गया जबकि दो बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार जागृति विहार, मेडिकल निवासी प्रॉपर्टी डीलर ऋषि कुमार पल्लवपुरम स्थित पंडित ढाबा से खाना खाकर घर लौट रहे थे। पल्लवपुरम क्षेत्र में पल्हेड़ा चौराहे के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ऋषि की वैगनआर कार को ओवरटेक कर रुकवा लिया। ऋषि कुछ समझते, एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर पिस्टल तान दी। एक बदमाश बाइक लेकर भाग निकला। जबकि अन्य दोनों बदमाशों ने उन्हें कार में ही बंधक बना लिया। करीब एक किमी दूर बदमाशों ने ऋषि को पीटकर कार से फेंक दिया और कार लेकर बेगमपुल की तरफ भाग निकले।
पढ़ें : मुठभेड़ में दरोगा घायल, पुलिस ने एक बदमाश को मारी गोली, दूसरा फरार
ताबड़तोड़ फायरिंग
पुलिस ने बदमाश को मार गिराया
इस बीच वायरलेस सेट पर लूट की सूचना फ्लैश होने पर इंस्पेक्टर सदर बाजार प्रशांत कपिल, इंस्पेक्टर लिसाड़ी गेट राशिद अली, पल्लवपुरम एसओ ने फोर्स के साथ घेराबंदी कर ली। बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के सीने में गोली लगी, जो मौके पर ही ढेर हो गया। उसकी शिनाख्त मंसूर उर्फ मच्छू पहलवान निवासी बेहट जिला सहारनपुर के रूप में हुई है। एसएसपी मंजिल सैनी के अनुसार मंसूर पर 25 हजार का इनाम था। उस पर लूट, हत्या, डकैती और रंगदारी के 30 से ज्यादा केस दर्ज थे। पुलिस ने बदमाश के पास से अंग्रेजी रिवाल्वर बरामद कर वैगनआर कार भी बरामद कर ली। आधी रात तक फरार बदमाशों की घेराबंदी की जा रही थी।
पढ़ें : बदमाश और पुलिस के बीच मुठभेड़, आधा घंटे तक चली गोलियां, शूटर दबोचा
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/