उत्तर प्रदेश में एनकाउंटर का सिलसिला जारी है। यहां देर रात मेरठ पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान जांबाज अफसरों ने हजार के इनामी बदमाश को गोली मार दी। जबकि उसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। उधर, हस्तिनापुर में भी पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। यहां पुलिस ने 15 हजार के इनामी को गोली मारकर घायल कर दिया।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला के मुताबिक इंस्पेक्टर लिसाड़ीगेट रघुराज सिंह पुलिस टीम को लेकर पीर बाबा वाला रोड फतेहउल्लेपुर में चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान जब पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों को रोकने की कोशिश की तो युवकों ने पुलिस पर गोलियां चला दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली एक बदमाश के पैर में लगी है। पुलिस ने बताया कि घायल आरोपी शादाब पुत्र इस्तेयाक निवासी रशीदनगर लिसाड़ीगेट है। उसका साथी हुसनैन भाग गया। पुलिस ने बताया कि शादाब पशु तस्कर है। वह लूट करने के लिए ही जा रहा था। उसके पास से एक तमंचा बरामद हुआ है। शादाब पर एक दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत है। उस पर मसूरी गाजियाबाद से गैंगस्टर लगी हुई है। दो साल से वह फरार चल रहा था। मुठभेड़ की जानकारी पर एसपी सिटी रणविजय सिंह और सीओ कोतवाली भी मौके पर पहुंच गए थे। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने कांबिंग कराई, लेकिन सुराग नहीं लगा।