दौराला। विश्व फार्मासिस्ट दिवस 25 सितंबर को मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्टों को सशक्त बनाना’ रखी गई है। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष विजेंद्र सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में फार्मासिस्टों की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। फार्मासिस्ट केवल दवा वितरण करने वाला स्वास्थ्यकर्मी नहीं, बल्कि मरीज और स्वास्थ्य व्यवस्था के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है।
उन्होंने बताया कि सही दवा का चयन, उचित मात्रा और समय, दवाओं का सुरक्षित भंडारण, संभावित दुष्प्रभाव तथा दवाओं के तर्कसंगत उपयोग के प्रति जागरुक करने में फार्मासिस्ट की अहम भूमिका है। बढ़ती आबादी, दीर्घकालिक बीमारियों, दवाओं के बढ़ते उपयोग, तकनीकी बदलाव के दौर में फार्मासिस्टों को भी अपने ज्ञान और कौशल को लगातार विकसित करना होगा। विजेंद्र सिंह ने कहा कि फार्मासिस्टों का सशक्तीकरण केवल व्यक्तिगत विकास नहीं, बल्कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।