मेरठ। सूरजकुंड वाहन डिपो पर बृहस्पतिवार को भाजपा पार्षद रविंद्र कुमार और उसके साथियों द्वारा कर्मचारियों पर गोलियां बरसाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को शहर से कूड़ा नहीं उठाया और सुबह 10 बजे नगर निगम के विभागीय कार्यालयों में कर्मचारियों ने ताला लगाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने पार्षदों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भ्रष्टाचार के आरोप तक लगाए।
नगर आयुक्त के आश्वासन पर तीन घंटे बाद कर्मचारियों ने तीन दिन के लिए हड़ताल स्थगित कर दी। हड़ताल स्थगित होने के बाद भी नगर निगम में किसी भी विभाग में कार्य नहीं किया गया। शनिवार, रविवार, सोमवार को अवकाश है। हालांकि सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को काम पर लौटने का आश्वासन दिया है। वहीं, कर्मचारियों पर गोलियां बरसाने वाले दो आरोपी अंकुश पंडित और अखिल उर्फ डागर चौधरी को जेल भेज दिया। मुख्य आरोपी पार्षद रविंद्र को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने उसे इलाज करने का समय दिया है।
वार्ड-18 सरायकाजी में कूड़ा गाड़ी न पहुंचने पर स्थानीय भाजपा पार्षद रविंद्र कुमार अपने 20-25 साथियों के साथ बृहस्पतिवार को सूरजकुंड डिपो पर पहुंचे थे। आरोप है कि पार्षद और उसके साथियों ने डिपो में कर्मचारियों पर गोलियां चला दीं थीं। एक गोली कूड़ा गाड़ी चालक अविनाश के पैर में लग गई थी। कर्मचारियों ने घेराबंदी कर पार्षद को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। पार्षद और चालक का इलाज मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में चल रहा है। कूड़ा गाड़ी चालक को गोली मारने के विरोध में शुक्रवार को नगर निगम की तीनों यूनियन के कर्मचारियों ने हड़ताल की।
शुक्रवार सुबह निगम परिसर के सभी विभाग के कार्यालय में ताला लगा दिया और धरना प्रदर्शन शुरू किया। करीब तीन घंटे बाद नगरायुक्त सौरभ गंगवार धरना स्थल पर पहुंच गए। गोली चलाने वाले पार्षद के सभी साथियों की गिरफ्तारी, उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त कराना, कर्मचारियों ने 90 वार्डों में हाजिरी स्थल, पार्षदों की शिकायत पर तबादला न होने, मानकों के हिसाब से कर्मचारियों की नियुक्ति और उत्पीड़न बंद करने सहित सात सूत्रीय ज्ञापन नगर आयुक्त को सौंपा।
सफाई कर्मचारी संघ अध्यक्ष विनेश मनोठिया ने कहा कि सफाई करने वालों पर गोलियां बरसाने की घटना के चलते आज कर्मचारी इसको काला दिवस के रूप में मना रहे है। नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि पार्षद सहित चार आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं। नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द होगी। कर्मचारियों ने जो मांग पत्र दिया है, उस पर भी काम करेंगे। कर्मचारियों ने तीन दिन के लिए हड़ताल स्थगित करने का एलान कर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर तीन दिन में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और पार्षदों का कर्मचारियों के तबादले पर हस्तक्षेप बंद नहीं किया गया तो फिर से हड़ताल की जाएगी।
इस दौरान कर्मचारी संघ महामंत्री आलोक शर्मा, हरवीर सिंह, सुरेश, प्रमोद, अंकुर महरोल, सिद्धार्थ, शालिनी सिंह मसीह, पदमा जॉनसन, अर्जुन करोतिया, कैलाश चंदोला, ऊषा, दीपक सहित अन्य कर्मचारी आदि मौजूद रहे।
मेरठ..कंवलजीत..सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते डीआईजी आवास क बाहर पड़ा कूड़े का ढेर.....संवाद
मेरठ..कंवलजीत..सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते डीआईजी आवास क बाहर पड़ा कूड़े का ढेर.....संवाद