सरधना। पिठलोकर गांव में सोमवार को समाजवादी पार्टी के पीडीए जनसंपर्क अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई। पार्टी नेताओं ने सामाजिक समरसता, संगठन विस्तार और जनसमस्याओं को लेकर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
समाजवादी नेता चौधरी वसीम राजा ने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी वर्गों की समान भागीदारी से ही समाज का संतुलित विकास संभव है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांवों और मोहल्लों में पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद करें और उनकी समस्याओं को संगठन के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का काम करें।
बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर मास्टर इस्माइल, मोहम्मद रफी, जुल्फिकार राना, बबलू एडवोकेट, इरशाद प्रधान, फरहान राना, सनव्वर चौहान, सलमान सहित पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।