खरखौदा। कस्बा में प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत 300 मकानों का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें मकान की पहली किस्त काफी समय पहले ही आ चुकी है। आरोप है कि दूसरी किस्त के लिए डूडा का एक कर्मचारी प्रत्येक व्यक्ति के पास पहुंचकर दो-दो हजार रुपये मांग रहा है। जिसमें एक महिला ने मुख्यमंत्री से इस मामले में शिकायत की है।
नगर पंचायत खरखौदा में प्रधानमंत्री आवासीय योजना के तहत करीब 300 गरीबों के मकानों का निर्माण किया जा रहा है। प्रत्येक पात्र को मकान के निर्माण के लिए 2.5 लाख की रकम मिलनी है। करीब 205 पात्रों की पहली किस्त के रूप में 50 हजार की रकम मिल चुकी है। इन्हीं पात्रों में कस्बा के ही वार्ड छह निवासी हेमलता पत्नी कपिल सैनी के अनुसार जल्द ही दूसरी किस्त आनी है। जिसके लिए पांच दिन पहले परियोजना अधिकारी कार्यालय डूडा के सूरजकुंड कार्यालय से जेई आरिफ उसके पास पहुंचा। कागजों की जांच के नाम पर रिश्वत के रूप में प्रत्येक सदस्य से दो-दो हजार की मांग की। वहीं, जेई ने सभी पात्र लोगों को चेतावनी दी कि यदि किसी ने भी इस रकम को देने में आनाकानी की तो उसकी किस्त को रोक लिया जाएगा। पीड़िता के अनुसार कर्मचारी ने इस एवज में लाखों की ठगी कर चुका है। पीड़ित ने इस मामले में मुख्यमंत्री से भी लिखित शिकायत की है।
वर्जन
सभी आरोप निराधार हैं। नगर पंचायत के एक सभासद के कहे अनुसार उसने काम नहीं किया तो उसे झूठा फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।-आरिफ खान, जेई डूडा