मेरठ में मरम्मत कार्यों के कारण आज शुक्रवार को शहर के कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। शहर के हापुड़ रोड, इंद्रलोक, सीवेज पंप, फतेउल्लापुर रोड, अहमद नगर, रॉयल प्लाजा, शास्त्रीनगर सेक्टर 13, आवास विकास माधवपुरम सब स्टेशन, उमेश नगर में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बिजली नहीं रहेगी। शताब्दी नगर सेक्टर 4, पॉकेट सी डी अध्ययन स्कूल के पास आदि क्षेत्र में सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी।
उमस भरी गर्मी में बिजली के झटकों से परेशान रहे उपभोक्ता
गुरुवार को दिन निकलते ही शहर के कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। लोहिया नगर एल ब्लॉक में सुबह 8 बजे से लेकर 9 बजे तक बिजली नहीं रही। दिन में उमस भरी गर्मी में भी शहर के कई इलाकों दिल्ली रोड, मंगल पांडे नगर, सर्वोदय कालोनी, न्यू प्रभात नगर, लिसाड़ी रोड, शास्त्रीनगर के ब्लॉक आदि क्षेत्रों में बिजली के झटकेे लगते रहे। इस कारण उपभोक्ताओं को भी परेशान होना पड़ा।
सिविल लाइन क्षेत्र में बुधवार रात को तीन से चार घंटे तक बिजली नहीं रही। सुबह दिन निकलते ही वहां पेड़ों की शाखाओं को लाइनों के ऊपर से हटाने के कार्य किया गया, इस कारण क्षेत्र में दो घंटे तक बिजली नहीं रही। बुढ़ाना गेट क्षेत्र में भी बिजली का यही हाल रहा।
यहां उपभोक्ताओं को बार-बार बिजली आने जाने के कारण परेशान होना पड़ा। लेडीज पार्क उपकेंद्र क्षेत्र पटेल नगर में भी बिजली के झटके लगते रहे। व्यापारी अकरम कुरैशी ने बताया कि बार-बार बिजली आने जाने का सिलसिला सुबह से चलता रहा।