मवाना। हस्तिनापुर रोड पर स्थित अमर सिटी कॉलोनी में फाल्ट के चलते कई मकानों में करंट फैल गया। इससे दो मवेशियों की मौत हो गई। जबकि बिजली का करंट लगने से दो पशुओं की हालत गंभीर है।
हस्तिनापुर रोड पर गोशाला के सामने अमर सिटी कॉलोनी है। इस काॅलोनी में लगभग 15 परिवार निवास करते हैं। काॅलोनी के लोगों ने बताया कि सुबह के समय एक गिलहरी ट्रांसफार्मर में घुस गई। जिससे ट्रांसफार्मर में फाल्ट होने से बिजली के खंभे के सहारे हाईटेंशन लाइन का करंट जमीन में दौड़ गया। जमीन में दौड़े हाईटेंशन लाइन के करंट की चपेट में आने से कामेंद्र जाटव की एक गाय व एक भैंस मर गई। जबकि तेजपाल गुर्जर की भैंस व गणेश की गाय को भी झटके लगे, जिनको किसी तरह बचा लिया गया। फिलहाल काॅलोनी की लाइन का करंट कटने से काॅलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली।
काॅलोनी के लोगों ने बताया कि दो दिन पूर्व फाल्ट होने से गणेश सिंह गुर्जर, बरन सिंह भडाना, सुनील आदि के घरेलू उपकरण फुंक गए थे। इससे काॅलोनी के लोगों को काफी नुकसान पहुंचा था। कॉलोनीवासियों का कहना है कि काॅलोनी में दस-दस किलो वाट के तीन ट्रांसफार्मर खंभों पर लगे हुए हैं। इनमें आए दिन फाल्ट होते रहने से हादसे होने का अंदेशा बना रहता है। काॅलोनी के लोगों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि तीनों ट्रांसफार्मरों को हटवा कर काॅलोनी में बड़ा ट्रांसफार्मर लगवाया जाए। वहीं काॅलोनी के लोगों ने बताया कि विभाग में शिकायत करने पर दो लाइनमैन आए थे, जो देखकर चले गए।